पोंगल 2025 आज : देश भर में धूमधाम से मनाया जा रहा पोंगल त्योहार

मुंबई। सूर्य भगवान के मकर राशि में प्रवेश पर पोंगल त्योहार देश भर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोग नये अनाज को आज के दिन अच्छी तरह से पकायेंगे। सूर्य की आराधना करेंगे। यहां बता दें कि पोंगल (तमिळ – பொங்கல்) तमिल हिन्दुओं का एक प्रमुख त्योहार है।

यह प्रति वर्ष 14-15 जनवरी को मनाया जाता है। इसकी तुलना नवान्न से की जा सकती है जो फसल की कटाई का उत्सव होता है (शस्योत्सव)। पोंगल का तमिल में अर्थ उफान या विप्लव होता है। पारम्परिक रूप से ये सम्पन्नता को समर्पित त्यौहार है जिसमें समृद्धि लाने के लिए वर्षा, धूप तथा खेतिहर मवेशियों की आराधना की जाती है। इस पर्व का इतिहास कम से कम 1000 साल पुराना है तथा इसे तमिलनाडु के अलावा देश के अन्य भागों, श्रीलंका, मलेशिया, मॉरिशस, अमेरिका, कनाडा, सिंगापुर तथा अन्य कई स्थानों पर रहने वाले तमिलों द्वारा उत्साह से मनाया जाता है।

तमिलनाडु के प्रायः सभी सरकारी संस्थानों में इस दिन अवकाश रहता है। पोंगल का त्यौहार सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का स्वागत कुछ अलग ही अंदाज में किया जाता है। सूर्य को अन्न धन का दाता मान कर चार दिनों तक उत्सव मानाया जाता है और उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित किया जाता है। विषय की गहराई में जाकर देखें तो यह त्यौहार कृषि एवं फसल से सम्बन्धित देवताओं को समर्पित है।