आलमबाग रेलवे कॉलोनी में मंगलवार शाम कार सवार बैंक मैनेजर पर स्कूटी सवार युवक ने केमिकल फेंक दिया। घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है। केमिकल चेहरे और आंखों पर पड़ने से महिला को तेज जलन होने लगी। उन्होंने खुद कार चलाकर अजंता अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
मनप्रीत कौर मानकनगर स्थित सेंट्रल बैंक में मैनेजर हैं। मंगलवार शाम बैंक का काम खत्म करने के बाद वह रेलवे कॉलोनी पहुंचीं। कार पार्क करने के बाद वह घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक उनकी कार के पास पहुंचा और शीशे पर दस्तक दी।
यह भी पढ़ें: UP की नई विधानसभा की पहली तस्वीर आई सामने! कमल के आकार में बनेगा 200 एकड़ का मेगा परिसर, जानिए क्या-क्या होगा खास
युवक के इशारे पर मनप्रीत ने कार का शीशा खोला। इसी दौरान उसने शीशी में भरा केमिकल उनके चेहरे पर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से वह घबरा गईं। आंखों में तेज जलन और परेशानी होने पर वह तत्काल अस्पताल पहुंचीं।
पति से विवाद के बिंदु पर भी जांच
इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनप्रीत कौर का पति से विवाद चल रहा है। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद स्कूटी सवार युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही रेलवे कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान के बाद घटना के कारण और हमले में इस्तेमाल किए गए केमिकल समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़ें: Jana Nayagan Review in Hindi: विजय की आखिरी फिल्म बनी फुल पैसा वसूल मास एंटरटेनर, बॉबी देओल ने विलेन बनकर लूटी महफिल




