सावधान! आज इन जिलों में बारिश-आंधी

लखनऊ, NIA संवाददाता।

उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हुई। बारिश और तेज हवाओं के कारण पूर्वी क्षेत्र के अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 66 जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।

यह भी पढ़ें : महाराणा प्रताप की प्रतिमा के ल‍िए राजपूत समाज की नई रणनीति, लखनऊ में महासभा ने लिया बड़ा निर्णय

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर हल्की तो कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आकाशीय बिजली के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

इन जिलों में बारिश और आंधी के आसार

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन और हमीरपुर में मौसम खराब रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : EPFO WhatsApp Channel शुरू, अब मोबाइल पर मिलेगा PF का हर जरूरी अपडेट, ऐसे करें जॉइन

लखनऊ में 33 डिग्री रहा तापमान

लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

आगरा सबसे गर्म, हरदोई में सबसे कम तापमान

मंगलवार को आगरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। दूसरी ओर, हरदोई में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

अगले 48 घंटे बारिश के साथ गिर सकता है तापमान

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना हो सकता है।

यह भी पढ़ें : सरकार व्‍यापार‍ियों को देगी क्रेड‍िट कार्ड, जानें कैसे और क्‍यो

Scroll to Top