IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा मंजूर, 15 सितंबर से प्रशासनिक सेवा से होंगी अलग, चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज

लखनऊ, NIA संवाददाता।

उत्तर प्रदेश कैडर की वर्ष 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर अब केंद्र सरकार की मुहर लग गई है। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने उनका त्यागपत्र स्वीकार करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। उनका इस्तीफा 15 सितंबर 2026 से प्रभावी माना जाएगा।

दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक रूप से अलग होने का निर्णय लिया था। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा करते हुए व्यक्तिगत कारणों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और जीवन के नए लक्ष्यों को इस्तीफे की वजह बताया था। राज्य सरकार की ओर से उनका इस्तीफा केंद्र सरकार को भेजा गया था। शासन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने अब उनके त्यागपत्र को मंजूरी दे दी है।

यह भी पढ़ेंEPFO WhatsApp Channel शुरू, अब मोबाइल पर मिलेगा PF का हर जरूरी अपडेट, ऐसे करें जॉइन

देवरिया डीएम पद से हटाए जाने के बाद बदली भूमिका

दिव्या मित्तल को मई 2026 में देवरिया के जिलाधिकारी पद से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया था। इसके बाद से ही उनकी प्रशासनिक भूमिका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि, उनके इस्तीफे की आधिकारिक वजह व्यक्तिगत और पारिवारिक प्राथमिकताएं ही बताई गई हैं। आईएएस अधिकारी ने अपने इस्तीफे की जानकारी अपने फेसबुक और एक्स अकाउंट के माध्यम से भी साझा की थी। उनके अचानक प्रशासनिक सेवा छोड़ने के फैसले ने उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया।

क्या राजनीति में जाएंगी दिव्या मित्तल?

दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद उनके भविष्य को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि वह आने वाले समय में सक्रिय राजनीति में कदम रख सकती हैं। सबसे ज्यादा चर्चा मिर्जापुर से विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर है। हालांकि, फिलहाल चुनाव लड़ने को लेकर उनकी ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में इसे अभी केवल राजनीतिक चर्चाओं और कयासों के तौर पर ही देखा जा रहा है। प्रशासनिक सेवा से अलग होने के बाद दिव्या मित्तल की अगली भूमिका क्या होगी, इस पर अब सबकी नजरें टिकी हैं।

यह भी पढ़ेंकच्चा तेल 107 डॉलर के पार, अब बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम! जानिए लखनऊ समेत देश भर में आज का रेट

Scroll to Top