कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ने अपने करोड़ों सदस्यों के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। अब पीएफ से जुड़ी जरूरी जानकारी और जागरूकता संबंधी अपडेट WhatsApp के जरिए भी आसानी से मिल सकेंगे। इसके लिए EPFO ने अपना आधिकारिक WhatsApp चैनल शुरू किया है। इस चैनल का मकसद कर्मचारियों तक भविष्य निधि से जुड़ी जानकारी सीधे और आसान तरीके से पहुंचाना है। खास बात यह है कि इसके लिए कर्मचारियों को बार-बार EPFO की वेबसाइट चेक करने की जरूरत नहीं होगी। WhatsApp पर चैनल को फॉलो करने के बाद नए अपडेट वहीं दिखाई देंगे।
यह भी पढ़ें : क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई पर रेप की FIR, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, महिला ने कहा,नौकरी तक छोड़ दी
EPF से जुड़ी कौन-कौन सी जानकारी मिलेगी
EPFO के WhatsApp चैनल पर कर्मचारियों को भविष्य निधि यानी EPF से जुड़े कई महत्वपूर्ण अपडेट दिए जा रहे हैं। इसमें EPF एडवांस निकालने, नौकरी बदलने या दोबारा नौकरी शुरू करने के बाद PF योगदान से जुड़ी जानकारी शामिल है।
इसके अलावा EPFO की ओर से जागरूकता वीडियो और एजुकेशनल कंटेंट भी साझा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को पीएफ से जुड़े नियमों और सुविधाओं के बारे में ज्यादा जागरूक करना है।
रोजगार योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी
इस चैनल के जरिए कर्मचारियों को सरकार की रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। इनमें प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं। ऐसे कर्मचारी जो EPFO की वेबसाइट या अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नियमित रूप से अपडेट नहीं देख पाते हैं, उनके लिए WhatsApp चैनल जानकारी पाने का आसान माध्यम बन सकता है।
WhatsApp पर EPFO चैनल कैसे जॉइन करें
EPFO का WhatsApp चैनल फॉलो करना काफी आसान है।
स्टेप 1: अपने मोबाइल में WhatsApp खोलें।
स्टेप 2: WhatsApp के Updates/अपडेट्स सेक्शन में जाएं।
स्टेप 3: Channels में जाकर EPFO के आधिकारिक चैनल को सर्च करें।
स्टेप 4: आधिकारिक EPFO चैनल मिलने के बाद Follow पर क्लिक करें।
इसके बाद चैनल पर पोस्ट होने वाले नए अपडेट WhatsApp के जरिए देखे जा सकेंगे।
ध्यान रखें, WhatsApp से PF का काम नहीं होगा
EPFO का WhatsApp चैनल शुरू होने के बाद एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है। यह चैनल मुख्य रूप से जानकारी और जागरूकता के लिए है। इसका मतलब यह नहीं है कि PF खाते से जुड़ी सभी सेवाएं अब WhatsApp पर उपलब्ध हो गई हैं। PF क्लेम, KYC, UAN और खाते से जुड़ी दूसरी सेवाओं के लिए EPFO के आधिकारिक पोर्टल या संबंधित आधिकारिक डिजिटल माध्यमों का ही इस्तेमाल करना चाहिए।
यह भी पढ़ें : गोमती पुस्तक महोत्सव में दिखा गजब का नजारा, 1300 बच्चों ने कहानियों से खोजी नई दुनिया, शाम को कथक ने बांधा समां
फर्जी WhatsApp मैसेज से रहें सावधान
PF से जुड़ी जानकारी के नाम पर साइबर ठगी भी हो सकती है। ऐसे में WhatsApp पर आने वाले संदिग्ध मैसेज, लिंक और कॉल से सावधान रहना जरूरी है। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। साथ ही किसी व्यक्ति के साथ अपना UAN, पासवर्ड, OTP या बैंक खाते से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा न करें। EPFO से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करना सुरक्षित विकल्प है।
करोड़ों कर्मचारियों के लिए उपयोगी हो सकता है चैनल
EPFO का नया WhatsApp चैनल कर्मचारियों तक PF और रोजगार से जुड़ी जानकारी पहुंचाने का एक आसान माध्यम बन सकता है। खासकर ऐसे कर्मचारियों के लिए यह उपयोगी है, जो नियमित रूप से EPFO की वेबसाइट नहीं देखते हैं। चैनल को फॉलो करने के बाद कर्मचारियों को नए नियमों, योजनाओं, सुविधाओं और जागरूकता से जुड़ी जानकारी सीधे WhatsApp पर मिलती रहेगी।
यह भी पढ़ें : सरकार व्यापारियों को देगी क्रेडिट कार्ड, जानें कैसे और क्यों

