समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “देश में वोट की डकैती हो रही है और सरकार नेपाल जैसी स्थिति पैदा कर रही है।” अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि अयोध्या विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत पूरी तरह धांधली का नतीजा है।
अयोध्या चुनाव पर बड़ा आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या उपचुनाव में भाजपा ने करीब 5000 बाहरी वोटरों को बुलाकर मतदान कराया। उन्होंने कहा कि कुंदरकी में 77% मतदान हुआ जबकि अयोध्या में बाहर से लोगों को लाकर वोट डलवाए गए। अखिलेश ने यहां तक कहा कि “पूरा देश जानता है कि यहां रिवॉल्वर निकाल कर वोट डाले गए।”
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वोट चोरी रुकी नहीं तो जनता नेपाल की तरह सड़कों पर उतर सकती है।
यह भी पढ़ें : सड़क पर मौत का खंभा, बिजली विभाग का अमराई गांव पावर हाउस बना मूकदर्शक !
2027 में सपा सरकार का दावा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार से किसी तरह की उम्मीद नहीं है। उन्होंने भ्रष्टाचार, अपराध और सरकार के भीतर खींचतान को लेकर भी निशाना साधा। अखिलेश बोले –
योगी सरकार में अंदरूनी लड़ाई चरम पर है, भ्रष्टाचार पीक पर है। भाजपा जाएगी तो क्राइम भी जाएगा। एक बात साफ है– 2027 में सपा की सरकार आएगी और हम ही सरकार बनाएंगे।
हिरासत में मौत और कानून-व्यवस्था पर हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी हिरासत में मौतों का रिकॉर्ड बना रहा है। उन्होंने गाजीपुर के सीताराम उपाध्याय की थाने में हुई पिटाई से मौत का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी खुलकर निंदा होनी चाहिए और जिम्मेदारों की पहचान होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सीएम हाउस पर जहर खाने की घटनाओं का रिकॉर्ड बन रहा है, यह सरकार की नाकामी है।
यह भी पढ़ें : E20 पेट्रोल विवाद: नितिन गडकरी का पलटवार, कहा कि पेट्रोल लॉबी चला रही पेड कैम्पेन
सिख समुदाय और किसानों के मुद्दे उठाए
अखिलेश यादव ने इस दौरान सिख समुदाय के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और किसान आंदोलन के दौरान शहीद किसानों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर सिख समुदाय के हितों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। इसी मौके पर उनके लिए एक पंजाबी गीत भी लॉन्च किया गया, जिस पर अखिलेश ने कहा कि यह गाना 2027 में चलना चाहिए।
स्मार्ट सिटी और पंचायती राज में भ्रष्टाचार
सपा अध्यक्ष ने कहा कि लखनऊ को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में तीसरे नंबर पर लाने वाली एजेंसी पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था में 60% कमीशनखोरी का आरोप लगाया और कहा कि विकास योजनाओं से पहले पर्यावरण का ध्यान रखा जाना चाहिए।
राजनीतिक असर
अखिलेश यादव का यह बयान सीधे तौर पर भाजपा और चुनाव आयोग पर हमला है। सपा अध्यक्ष ने खुद को 2027 का विकल्प बताते हुए विपक्षी राजनीति को धार देने की कोशिश की है। अयोध्या उपचुनाव की धांधली का मुद्दा उठाकर उन्होंने न केवल भाजपा की जीत को चुनौती दी है, बल्कि जनता को सड़कों पर उतरने की चेतावनी देकर आने वाले राजनीतिक संघर्ष के संकेत भी दे दिए हैं।
सरदार के लुक में नजर आए अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव शुक्रवार को सरदार के लुक में नजर आए। उन्होंने इसी लुक में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। हुआ यूं कि अखिलेश ने सपा कार्यालय में किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को सम्मानित किया। इस दौरान सिख समुदाय ने मंच पर ही उनको पगड़ी पहनाई।
यह भी पढ़ें : सीएम योगी ने “लखनऊ से पूरे प्रदेश को दी परिवहन की नई सौगातें”