राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक फील्ड ऑफिसर ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। घटना में तीनों की मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या और आत्महत्या की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
ICICI बैंक के बाहर पत्नी को बुलाया, बातचीत के बाद मारी गोली
जानकारी के अनुसार, SBI में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत मानस बाजपेई गुरुवार दोपहर कार से ICICI बैंक पहुंचा था। यहां उसकी पत्नी दिव्या मिश्रा असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं।
बताया जा रहा है कि मानस ने फोन कर दिव्या को बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
दिव्या मिश्रा की उम्र करीब 33 वर्ष बताई जा रही है। वह ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं। बताया गया है कि उनकी शादी करीब 12 वर्ष पहले मानस बाजपेई से हुई थी और दोनों की कोई संतान नहीं थी।
पत्नी के बाद सीधे घर पहुंचा आरोपी
पत्नी को गोली मारने के बाद मानस करीब दो किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह काफी घबराया हुआ और पसीने से भीगा हुआ दिखाई दे रहा था।
घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पड़ोसियों को संदेह हुआ तो उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में मानस की बहन सीबा और मानस दोनों खून से लथपथ हालत में मिले। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

कमरे में तेज आवाज में चल रही थी हनुमान चालीसा
पड़ोसियों के मुताबिक, कमरे के अंदर टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात से पहले आरोपी और उसके परिवार के बीच क्या बातचीत हुई थी और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
WhatsApp स्टेटस में पत्नी पर लगाया धोखे का आरोप
आत्महत्या से पहले मानस के WhatsApp स्टेटस का एक स्क्रीनशॉट सामने आने की बात कही जा रही है। इसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखी और कथित तौर पर पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया। स्टेटस में अपनी बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भरत यादव के बारे में भी उल्लेख किया गया था।
हालांकि, WhatsApp स्टेटस में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्टेटस वास्तव में आरोपी ने ही पोस्ट किया था या नहीं और उसमें किए गए दावों की सच्चाई क्या है।
एक साल पहले तलाक के लिए दायर की थी अपील
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिव्या मिश्रा ने करीब एक वर्ष पहले पति मानस बाजपेई से तलाक के लिए अदालत में अपील दायर की थी। इसके बाद वह लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र में रहने लगी थीं।
वहीं मानस बाजपेई हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन सीबा के साथ किराए के मकान में रह रहा था। वह SBI की इंजीनियरिंग कॉलेज शाखा में फील्ड ऑफिसर के रूप में कार्यरत था।
बताया गया है कि मानस के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।

पुलिस कई पहलुओं से कर रही जांच
पुलिस अब इस तिहरे मौत के मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसमें पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद, तलाक की कार्रवाई, घटना से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत, आरोपी का WhatsApp स्टेटस और घर में मिले साक्ष्यों को शामिल किया गया है।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और उसने वारदात की योजना पहले से बनाई थी या नहीं। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।




