UP Weather: यूपी में 3 दिन भारी बारिश, 50 जिलों में यलो अलर्ट

लखनऊ, NIA संवाददाता।

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी में मॉनसूनी द्रोणी के सक्रिय होने से सोमवार से बुधवार तक कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। गोरखपुर और बस्ती मंडल समेत आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और बादलों के गरजने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद मॉनसूनी बादलों का रुख उसकी ओर होने से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिलेगी। मंगलवार और बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

तापमान में भी गिरावट

बारिश से पहले तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में दिन के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। रविवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

रविवार को न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य के आसपास रहा। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में तापमान में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें: UP की नई विधानसभा की पहली तस्वीर आई सामने! कमल के आकार में बनेगा 200 एकड़ का मेगा परिसर, जानिए क्या-क्या होगा खास

लखनऊ समेत मध्य यूपी में भी बारिश

पूर्वी यूपी के अलावा मध्य उत्तर प्रदेश में भी सोमवार से मॉनसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। लखनऊ समेत आसपास के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। रविवार को राजधानी में उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था।

मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को बारिश होने से लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, प्रतापगढ़, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर और संत कबीर नगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

3 से 7 अगस्त तक प्रशासन अलर्ट

3 से 7 अगस्त के बीच भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।

राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग और आपदा राहत से जुड़ी टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर राहत शिविरों को जरूरत पड़ने पर तत्काल शुरू करने योग्य रखने के निर्देश दिए गए हैं। गांव स्तर पर ग्राम प्रधानों और आपदा प्रबंधन समितियों को भी सक्रिय किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों, नालों और नदियों के पास जाने से बचने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी सक्रिय रखा गया है।

यह भी पढ़ें: Jana Nayagan Review in Hindi: विजय की आखिरी फिल्म बनी फुल पैसा वसूल मास एंटरटेनर, बॉबी देओल ने विलेन बनकर लूटी महफिल

 

 

 

 

 

 

 

Scroll to Top