एंडी फ्लावर का बड़ा बयान: मौजूदा टीम संयोजन से संतुष्ट, मिनी ऑक्शन में 5 खाली स्लॉट भरने की होगी चुनौती

स्‍पोर्टस डेस्‍क।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लगातार दो खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की नजर अब इतिहास रचने पर है। टीम 2027 में लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी। फ्रेंचाइजी ने अगले सत्र के लिए अपनी मजबूत टीम को बरकरार रखते हुए विराट कोहली समेत कुल 20 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। टीम के मुख्य कोच एंडी फ्लावर भी मौजूदा खिलाड़ियों के संयोजन से संतुष्ट हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह टीम अगले सत्र में भी शानदार प्रदर्शन करेगी।

यह भी पढ़ें : हनुमान अंश के बाद अब तुलसीदास पर फिल्म बनाएंगे विशाल चतुर्वेदी,जानिए क्या है खास?

मिनी ऑक्शन से पहले RCB के पास 14.15 करोड़ रुपये का पर्स बचा है। टीम को पांच खाली स्थान भरने हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी की नजर नीलामी में ऐसे खिलाड़ियों को शामिल करने पर होगी, जो पहले से मजबूत टीम को और बेहतर बना सकें।

मजबूत टीम कोर बनाए रखने पर RCB का जोर

एंडी फ्लावर ने कहा कि पिछले दो साल फ्रेंचाइजी के लिए काफी अच्छे रहे हैं। मौजूदा सत्र के लिए भी टीम का संयोजन संतुलित और मजबूत है। उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन ने कुछ खिलाड़ियों को रिलीज किया है, लेकिन मुख्य खिलाड़ियों को बनाए रखने में सफलता मिली है। फ्लावर के मुताबिक, नीलामी में हर फ्रेंचाइजी की कोशिश अपनी टीम को बेहतर बनाने की होती है। RCB भी इस दिशा में प्रयास करेगी, हालांकि सीमित बजट के कारण उसे सोच-समझकर फैसले लेने होंगे। उन्होंने कहा कि टीम अपने मजबूत कोर को लेकर खुश है। पिछले कुछ वर्षों में इन खिलाड़ियों ने फ्रेंचाइजी के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। उम्मीद है कि यही संयोजन 2027 में भी टीम को सफलता दिलाएगा। उन्होंने लगातार तीसरी बार खिताब जीतने को टीम के सामने बड़ी चुनौती और महत्वपूर्ण अवसर बताया।

विराट कोहली समेत इन 20 खिलाड़ियों को किया रिटेन

RCB ने आगामी सत्र के लिए जिन 20 खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा है, उनमें विराट कोहली, रजत पाटीदार, भुवनेश्वर कुमार, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, फिल साल्ट, जोश हेजलवुड, टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर, रोमारियो शेफर्ड, जैकब डफी, जॉर्डन कॉक्स, नुवान तुषारा, अभिनंदन सिंह, कनिष्क चौहान, रसिख डार, सुयश शर्मा, विक्की ओस्तवाल और यश दयाल शामिल हैं। इन खिलाड़ियों के जरिए टीम प्रबंधन ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश की है।

यह भी पढ़ें : EPFO WhatsApp Channel शुरू, अब मोबाइल पर मिलेगा PF का हर जरूरी अपडेट, ऐसे करें जॉइन

छह खिलाड़ियों को किया रिलीज

फ्रेंचाइजी ने छह खिलाड़ियों को टीम से रिलीज किया है। इनमें इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल के अलावा मंगेश यादव, रिचर्ड ग्लीसन, सात्विक देसवाल, स्वप्निल सिंह और विहान मल्होत्रा शामिल हैं।

मिनी ऑक्शन में पांच स्थान भरने की चुनौती

14.15 करोड़ रुपये के शेष बजट के साथ RCB मिनी ऑक्शन में पांच खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ सकती है। कोच एंडी फ्लावर और टीम प्रबंधन के सामने अब ऐसे खिलाड़ियों का चयन करने की चुनौती होगी, जो टीम की मौजूदा ताकत में इजाफा कर सकें। RCB की रणनीति से साफ है कि फ्रेंचाइजी बड़े बदलाव के बजाय अपनी सफल टीम के मुख्य खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहती है। अब देखना होगा कि विराट कोहली की अगुआई वाली टीम 2027 में लगातार तीसरी ट्रॉफी जीतकर आईपीएल में नया इतिहास रच पाती है या नहीं।

Scroll to Top