CM Yogi Big Announcement: अब पैसों की कमी से नहीं रुकेगा इलाज, गंभीर बीमारियों के लिए सरकार देगी आर्थिक मदद

गोरखपुर, NIA संवाददाता।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में एक ऐसा ऐलान किया, जो हजारों जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत की खबर बन सकता है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “पैसों की कमी की वजह से किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा।” गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और साफ कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें: लखनऊ की बड़ी जांचें: क्यों वर्षों बाद भी कई चर्चित मामलों का इंतजार कर रही है अंतिम मंजिल?

इलाज के लिए सरकार देगी आर्थिक सहायता

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों में इलाज का अनुमानित खर्च (एस्टीमेट) तुरंत तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि बिना देरी के आर्थिक सहायता जारी की जा सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, जिससे भविष्य में भी इलाज के दौरान आर्थिक परेशानी न आए।

यह भी पढ़ें: ग्राउंड रिपोर्ट: लखनऊ में क्रिकेट अकादमियों की ‘बाढ़’… सपनों का खेल या फीस का कारोबार?

अधिकारियों को सख्त संदेश

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पीड़ित व्यक्ति को न्याय और समय पर सहायता मिले। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पारिवारिक विवादों के मामलों में पहले आपसी सहमति से समाधान निकालने और जरूरत पड़ने पर ही कानूनी कार्रवाई करने की सलाह दी।

गोशाला पहुंचकर की गोसेवा

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मंदिर की गोशाला में जाकर गायों और गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया तथा गोसेवा की परंपरा का निर्वहन किया।

यह भी पढ़ें: UP Cabinet Decisions: योगी कैबिनेट के 27 बड़े फैसले, स्टार्टअप को ₹20 लाख की मदद, होमगार्ड को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज

Scroll to Top