लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो का संकट शनिवार को भी नहीं थमा। दोपहर तक 11 और दोपहर बाद की 11 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं। एक फ्लाइट एयर इंडिया की भी कैंसिल हुई। पिछले चार दिन से दूर-दूर से आए यात्री शहर के होटलों में फंसे हुए हैं।
सुबह से लेकर देर रात तक काउंटर पर परेशान यात्रियों की भीड़ लगी रही। कई लोग आक्रोश में दिखे,एक यात्री ने गुस्से में कहा कि “इंडिगो वाले सामने मिल जाएं तो झापड़ मार दूं।”
नेपाल से आए यात्री बोले-तीन दिन से होटल में कैद हैं
नेपाल से आए राम बहादुर ने बताया-3 तारीख से होटल में फँसे हैं। कोलकाता की फ्लाइट 6E-505 कैंसिल कर दी। प्रतिदिन 2,000 रुपये कमरे का खर्च और 5,000 खाने में उड़ रहे हैं। 7-8 तारीख तक भी गारंटी नहीं है। हर आदमी का 1 लाख का नुकसान हो जाएगा।”
यह भी पढ़ें: 20 जनवरी को विधानसभा घेराव: 50 हजार कर्मचारी उतरेंगे सड़क पर, सरकार पर गंभीर आरोप
“घर से चार लोग छोड़ने आए थे, अब सब वापस लौट रहे हैं”
अयोध्या से आए प्रह्लाद ने कहा-“मुंबई से कुवैत जाना था। घर से किराया लगाकर आए थे। यहां बताया गया कि फ्लाइट कैंसिल है। अब सबको वापस ले जाना पड़ रहा है। दोबारा किराया लगेगा। खाने की व्यवस्था तक नहीं है।”
लगेज भी फंसा, यात्रियों की रातें होटल में गुजर रहीं
दिल्ली से आए उमाशंकर ने बताया-“शादी में आए थे। फ्लाइट पहले लेट की, फिर कैंसिल कर दी। मेरा लगेज भी इन्हीं के पास है जिसमें कपड़े और पत्नी के जेवर हैं। दिल्ली और लखनऊ दोनों जगह हाल बेहाल हैं।”
एयरपोर्ट पर भीड़, पर हंगामा नहीं
इंडिगो के काउंटर पर यात्रियों की रोज जमा भीड़ आज कुछ कम दिखी, लेकिन परेशानी सभी के चेहरे पर साफ झलक रही थी। कई यात्री 200 से 500 किमी दूर से लखनऊ आए और अब होटलों में फँसे हुए हैं, रोजाना का खर्च बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें: बरेली में प्रशासन का हड़कंप मचाने वाला ऑपरेशन,‘बिना कागजात कोई नहीं बचेगा’, अफसरों को साफ चेतावनी
आज रद्द हुई इंडिगो की मुख्य फ्लाइटें
पुणे, दिल्ली, कोलकाता, चंडीगढ़ और हैदराबाद से आने वाली उड़ानें
दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, कोलकाता और गुवाहाटी जाने वाली उड़ानें
इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ऑनलाइन स्टेटस चेक कर लें। एयरलाइन अभी भी संचालन सामान्य करने में जुटी है।

यूपी में कल 51 फ्लाइटें रद्द
शुक्रवार को यूपी में कुल 51 फ्लाइटें कैंसिल हुईं।
सबसे ज्यादा-लखनऊ में 23, वाराणसी में 22, गोरखपुर में 4 और प्रयागराज में 2 फ्लाइटें।
NIA- उपरोक्त खबर के संदर्भ में कोई सुझाव आप editor@newindiaanalysis.com पर दे सकते हैं। हम आपके सुझाव का स्वागत करते हैं। अपना मोबाइल नंबर जरूर साझा करें। NIA टीम के साथी आप से संपर्क करेंगे।




