उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 14 से अधिक जिलों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। गुरुवार (18 दिसंबर) को कई इलाकों में दृश्यता शून्य रहने की चेतावनी दी गई है, वहीं दिन और रात दोनों समय कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जाएगी। न्यूनतम के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने का अनुमान है, जिससे कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर में घने से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रहेगी।
ऑरेंज और येलो अलर्ट वाले जिले
इसके अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सुल्तानपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया, मऊ, कौशाम्बी, जौनपुर और अयोध्या में मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। इन जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कानपुर में सबसे कम तापमान
बीते 24 घंटों के दौरान आगरा, बरेली, गोरखपुर, कानपुर और कुशीनगर में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य के करीब दर्ज की गई। वहीं कानपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
लखनऊ-नोएडा में भी बढ़ेगी ठंड
राजधानी लखनऊ में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। नोएडा और आसपास के इलाकों में भी मध्यम कोहरा रहेगा। तापमान में गिरावट के कारण दिन में भी ठंड का असर महसूस किया जाएगा।
पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा सर्दी
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, प्रदेश में आने वाले दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं 19 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे ठंड में और इजाफा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को घने कोहरे के दौरान सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
NIA- उपरोक्त खबर के संदर्भ में कोई सुझाव आप editor@newindiaanalysis.com अथवा व्हाटसप नंबर 9450060095 पर दे सकते हैं। हम आपके सुझाव का स्वागत करते हैं। अपना मोबाइल नंबर जरूर साझा करें। NIA टीम के साथी आप से संपर्क करेंगे।


