लखनऊ। यूपी विधानसभा को घेरने की कोशिश में बुधवार को कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच जबरदस्त कहासुनी और झड़प हो गई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय खुद पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। नीचे उतरे तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। पुलिस ने बल प्रयोग किया तो अजय राय की हालत खराब हो गई। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
अजय राय के गिरते ही कांग्रेसियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पानी छिड़ककर अजय राय को होश में लाया गया। कांग्रेस ने जन सरोकार के मुद्दों पर योगी सरकार के विफल रहने का आरोप लगाते हुए विधानसभा को घेरने का कई दिनों पहले ही ऐलान किया था। इसी के तहत बुधवार की सुबह ही प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, महासचिव अविनाश पांडे समेत तमाम नेता कांग्रेस मुख्यालय में एकत्र हुए लेकिन पुलिस के चाक चौबंद इंतजामों के बीच उन्हे बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई।
दफ्तर के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानो को तैनात कर दिया गया था। कांग्रेस पार्टी दफ्तर मार्ग पर डबल लेयर्ड बैरीकेडिंग लगायी गई। नाकाबंदी मज़बूत करने के लिए बैरीकेडिंग के साथ सड़कों पर गड्ढा कर बल्लियां भी लगा दी गई। इसके बाद भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ऐलान के मुताबिक विधानसभा को घेरने के लिए सड़क पर आ गए। पुलिस की बैरिकेडिंग के ऊपर अजय राय समेत तमाम कार्यकर्ता चढ़ गए।
पुलिस के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी भी शुरू कर दी। अजय राय नीचे उतरे तो उनकी पुलिस वालों से बहस हो गई। पुलिस जबरिया उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश करने लगी। इसी बीच वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। उनके गिरते ही खलबली मच गई। कार्यकर्ताओं ने उनके चेहरे पर पानी छिड़का। तब जाकर वो होश में आए।