तहसीलदार व लेखपाल समेत छह पर धोखाधड़ी का केस, फर्जी दस्तावेज़ से जमीन हड़पने का आरोप

लखनऊ, NIA संवाददाता।

जमीन पर कब्जा और फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने के गंभीर आरोप में लखनऊ पुलिस ने तत्कालीन तहसीलदार मलिहाबाद वंदना कुशवाहा, विशुनपुर के तत्कालीन लेखपाल, और चार अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध वसूली का मुकदमा दर्ज किया है। शुक्रवार को मलिहाबाद थाना में यह केस पुलिस उपायुक्त के आदेश पर दर्ज किया गया।

इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि आरोपी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

क्या है मामला?

गोमती नगर निवासी अभिमन्यु कुमार सिंह ने शिकायत में बताया कि उन्होंने विशुनपुर गांव की गाटा संख्या 93 की करीब 16 बिस्वा जमीन 30 जुलाई 2014 को अहमद अली से खरीदी थी। वर्ष 2018 में नायब तहसीलदार माल ने आदेश भी पारित कर दिया था।

लेकिन लगभग 10 साल बाद, आरोपित अहमद अली ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर वही जमीन दोबारा सुमित्रा नाम की महिला को बेच दी। इस बैनामे में शकी निशा और कृष्ण कुमार गवाह बनाए गए।

यह भी पढ़ें: Weather Update रात का पारा 11 डिग्री पर पहुंचा; शहर में धीरे-धीरे बढ़ रही ठंड

शिकायतकर्ता का आरोप है कि तत्कालीन लेखपाल और तहसीलदार वंदना कुशवाहा की मिलीभगत से 15 फरवरी 2024 को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दाखिल-खारिज कराया गया। इस दौरान धन उगाही भी की गई।

अभिमन्यु ने पुलिस उपायुक्त को प्रार्थना पत्र दिया था, जिसके आधार पर मामले में गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें: ओबरा में बड़ा हादसा: बिल्ली मारकुंडी खदान धंसी, 15 से अधिक मजदूर दबे; एनडीआरएफ–एसडीआरएफ बुलाई गई

Scroll to Top