यूपी में बंदायू के बीजेपी मंडल अध्यक्ष का वीडियो हुआ वायरल

बंदायू। एक तरफ भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है। वहीं, दूसरी ओर बदायूं में भाजपा के मंडल अध्यक्ष का वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में मंडल अध्यक्ष थाने में बैठकर पुलिस से रुपये लेकर साथी को दिलाते नजर आ रहे हैं। किसी पुलिसकर्मी ने इस वीडियो को बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वायरल वीडियो में भाजपा के मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा थाने की कुर्सी पर बैठे हुए हैं। पुलिसकर्मी नोट को गिन रहा है, नोट को गिनने के बाद उसने मंडल अध्यक्ष की ओर बढ़ाया है, लेकिन मंडल अध्यक्ष होशियारी दिखाते हुए अपने साथी को देने का इशारा कर दिया। मंडल अध्यक्ष के साथ मौजूद उनके साथी भी नोट को गिनता है, और कहता है पूरे हैं। मंडल अध्यक्ष को यह नहीं पता उनकी इस करतूत का किसी ने वीडियो बना लिया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा अक्सर विवादित रहते हैं। पिछले दिनों एक पशु प्रेमी को हड़काने का ऑडियो वायरल हुआ था। इस ऑडियो में भी जमकर फजीहत हुई थी। इससे पहले चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी से अभद्रता का मामला सामने आया था। बिल्सी क्षेत्र में एक कोटेदार से भी मारपीट हुई थी। थाना प्रभारी राजेश कौशिक का कहना है कि उन्होंने कल ही चार्ज लिया है। इस मामले में उनको कोई जानकारी नहीं है।

वीडियो वायरल होने के बाद वह मामले की जांच करेंगे

तत्कालीन एसओ से वापस दिलाये थे : महेश
मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा का कहना है, उन पर लगे आरोप निराधार है। तत्कालीन एसओ सुरेंद्र सिंह के समय में पुलिस कर्मियों ने एक उनके करीबी को पकड़ लिया था। पुलिस कर्मियों ने उससे रुपए लिए थे। वह रुपए वापस दिलाने के लिए थाने में गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *