उत्तराखंड नानकमत्ता कारसेवा डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या, जमीनी विवाद सहित कई बिंदुओं पर पुलिस कर रही तफ्तीश

उधमसिंह नगर। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर का नानकमत्ता कस्बा आज सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। बाइक से आए दो अज्ञात हमलावरों ने यहां कार सेवा डेरा प्रमुख नानकमत्ता बाबा तरसेम सिंह (60) को गोलियों से छलनी कर दिया। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जहां गोली चली थी लोग वहां दौडक़र पहुंचे लेकिन तब तक कार सेवा डेरा प्रमुख नानकमत्ता बाबा तरसेम सिंह गोलियों से घायल होकर लहूलुहान पड़े थे। लोग तत्काल गंभीर रूप से घायल तरसेम सिंह को इलाज के लिए खटीमा के अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वो गोलियों से बुरी तरह घायल हो गए थे।

अत्यधिक गंभीर चोटें लगने और ज्यादा खून बहने से उनकी मौत हो गई। अस्पताल में तरसेम सिंह को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों में इस घटना से दुख और रोष है। वहीं, इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हत्या पर संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड डीजीपी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम ने पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द इन हत्यारों को गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

डेरा कार सेवा के सेवादारों से मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह (करीब 6.30 बजे) सरदार तरसेम सिंह डेरे से बाहर घूमने के लिए निकले थे। घूमने के बाद वो दरवाजे के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। तभी अचानक आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से तरसेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आनन फानन में उनके समर्थकों ने उन्हें खटीमा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उनकी मृत्यु हो गई है। इस हत्याकांड को नानकमत्ता गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के जल्द होने वाले चुनाव से जोडक़र भी देखा जा रहा है। हमलावरों की पहचान करने के लिए एसटीएफ को लगाया गया है। इस घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।

पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जमीनी विवाद सहित कई बिंदुओं पर पुलिस तफ्तीश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *