UP : सांसद हरीश द्विवेदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को बताया वोटर चेतना महाअभियान का महत्व

लखनऊ/बस्ती। मिशन 2024 फतह के लिए भाजपा ने ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। इसमें पहला फोकस मतदाता सूची पर है। इसके लिए 29 अक्टूबर से पूरे जिले में एक साथ महाअभियान की शुरुआत होगी। फिर हर घर दस्तक दिया जाएगा। महाअभियान से पहले प्रमुख कार्यकर्ताओं को सोमवार को भाजपा मुख्यालय पर प्रशिक्षण दिया गया। महामंत्री अमृत कुमार वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र की अध्यक्षता में सांसद हरीश द्विवेदी, प्रभारी अशोक सिंह ने कार्यशाला में अपने विचारों को रखा। इसके लिए जिला स्तर के बाद 19 अक्टूबर को मण्डल स्तर पर प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ होगा। पार्टी के प्रदेश संगठन ने इसका नाम वोटर चेतना महाअभियान दिया है।

सांसद हरीश द्विवेदी बोले : स्वार्थ का बंधन है विपक्षी महागठबंधन

जिला मुख्यालय पर सांसद हरीश द्विवेदी ने वोटर चेतना अभियान के बाबत संगठन के मण्डल अध्यक्षों, मण्डल प्रभारी, जिला पदाधिकारी, अभियान प्रमुखों से जानकारी साझा की। सांसद ने बताया कि अभियान के दौरान घर-घर सम्पर्क करके मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में जुटने के लिए माइक्रोप्लान बना है। सांसद ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में तमाम दलों के एक साथ गठबंधन के बावजूद भाजपा को 50 फीसदी से ज्यादा वोट मिला था। नगरीय निकाय, पंचायत तथा सहकारिता के चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। ऐसे में भाजपा का मजबूत संगठनात्मक ढांचा किसी भी चुनौती को स्वीकार करके परिणाम देने में सक्षम है।

जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र बोले : मतदाताओं को जोड़ना है लक्ष्य

जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि वोटर चेतना महाअभियान प्रत्येक दहलीज के साथ प्रत्येक कैम्पस तथा प्रत्येक चौपाल पर पहुंचने का अभियान है। प्रत्येक 18 वर्ष की आयु को पूर्ण कर चुके युवाओं, विवाह होने के बाद परिवर्तित निवास स्थान, बूथ से अन्यत्र निवास करने वाले तथा बूथ पर नए आये मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने या नाम कटने का कार्य तथा दिवंगत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने का कार्य वोटर चेतना महाभियान के माध्यम से करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला में आगामी दिनों में होनी वाली मंडल कार्यशालाओं में पूर्ण जानकारी पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा कार्यकर्ताओं को दी जा चुकी है। जिससे मतदाता पुनरीक्षण का कार्य सफल हो और प्रत्येक पात्र व्यक्ति मतदाता बन सके। सोमवार को वोटर चेतना महाअभियान के तहत 19 अक्टूबर को मंडल कार्यशालाओं के माध्यम से मतदाता पुनरीक्षण के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। 27 अक्टूबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित किया जाएगा। 29 अक्टूबर को मन की बात कार्यक्रम सुनने के पश्चात् पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सांसद, विधायक से लेकर सभी जनप्रतिनिधि घर-घर सम्पर्क कर मतदाता पुनरीक्षण के कार्य में जुटेगें।

जिला प्रभारी अशोक सिंह ने कहा, घर-घर चलेगा अभियान

जिला प्रभारी अशोक सिंह ने कहा कि अभियान से प्रत्येक कार्यकर्ता को जोड़ने का कार्य करना है। 30 अक्टूबर से पांच नवम्बर तक तथा 25 नवम्बर से तीन दिसम्बर तक घर-घर सम्पर्क का विशेष अभियान चलाकर पार्टी एक-एक मतदाता से सम्पर्क करेगी। संचालन अभियान प्रभारी कुंवर आनन्द सिंह ने किया।

यह लोग रहे मौजूद

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र सुशील सिंह, पवन कसौधन, रवि सोनकर, दयाराम चौधरी, गोपेश्वर त्रिपाठी, ममता पाण्डेय, रोली सिंह, आशा सिंह, दिव्या त्रिपाठी सहित ब्लाक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मण्डल प्रभारी, मण्डल अध्यक्ष एवं अभियान प्रमुख सहित अभियान से जुड़े सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *