भारतीय नौसेना ने अरब सागर में मालवाहक जहाज के अपहरण की कोशिश को नाकाम किया

नई दिल्ली : भारतीय नौसेना ने अरब सागर में 15 भारतीयों वाले मालवाहक जहाज ‘एमवी लीला नोरफोक’ के अपहरण की कोशिश को नाकाम कर दिया है। लाइबेरिया के झंडे वाले जहाज को गुरुवार शाम सोमालिया के तट के करीब अपहरण कर लिया गया था।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अपहृत जहाज ने यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) पोर्टल पर एक संदेश भेजा था जिसमें 04 जनवरी की शाम को लगभग पांच से छह अज्ञात सशस्त्र कर्मियों के सवार होने का संकेत दिया गया था। भारतीय नौसेना ने संदेश प्राप्त करने के बाद, एक समुद्री गश्ती विमान (एमपीए) लॉन्च किया और जहाज की सहायता के लिए समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए तैनात आईएनएस चेन्नई को डायवर्ट किया। विमान ने शुक्रवार की सुबह जहाज के ऊपर से उड़ान भरी और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उससे संपर्क स्थापित किया।

बयान में कहा गया है कि नौसेना का विमान लगातार गतिविधियों की निगरानी कर रहा था और आईएनएस चेन्नई सहायता प्रदान करने के लिए जहाज के करीब आ रहा था। बयान में कहा गया है कि भारतीय नौसेना अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और मित्र देशों के साथ क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *