मौसम का यू-टर्न: उत्तराखंड में बर्फबारी, यूपी में बारिश का अलर्ट

लखनऊ, NIA संवाददाता।

देशभर में इन दिनों मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल रहा है। एक ओर पहाड़ी राज्यों में ताजा बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है, वहीं दूसरी ओर मैदानी राज्यों में गर्मी और लू का असर बढ़ गया है।

उत्तर प्रदेश में 15 मार्च से बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह घना कोहरा देखा गया। देवरिया में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। यह इस सीजन की पहली बारिश होगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव की शंकराचार्य से गुप्त मुलाकात! बोले- अब नकली संतों का होगा अंत, धर्म के नाम पर गुमराह करने वालों का सच आएगा सामने

हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी से तापमान गिरा

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। हिमाचल में पिछले 24 घंटों में तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मनाली का अधिकतम तापमान 12.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7°C कम है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में भी बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में 41°C तक पहुंचा तापमान

दूसरी तरफ राजस्थान में गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में सबसे ज्यादा 39.4°C तापमान दर्ज हुआ।मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे अगले कुछ दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मध्य प्रदेश में हीटवेव का असर

मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे सप्ताह से ही हीटवेव की स्थिति बनने लगी है। नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 40.2°C दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 38°C से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

अगले दो दिनों का मौसम

14 मार्च:
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश या गरज की संभावना है।

15 मार्च:
दिल्ली में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और पूर्वोत्तर में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

यह भी पढ़ें: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर POCSO केस दर्ज! राजनीति गरमाई, अखिलेश यादव बोले– ‘भाजपा हटाओ, सनातन बचाओ’

 

Scroll to Top