यूपी में LPG गैस की किल्लत से हाहाकार! 4–5 दिन बाद मिल रहा सिलेंडर, एजेंसियों पर छापा, सपा का सड़क पर प्रदर्शन

लखनऊ, NIA संवाददाता।

उत्तर प्रदेश में रसोई गैस यानी एलपीजी (LPG) की किल्लत से हालात बिगड़ने लगे हैं। कई जिलों में गैस बुकिंग के 4–5 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लग रही हैं और कई जगह सिलेंडर की कालाबाजारी के मामले भी सामने आए हैं।

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव की शंकराचार्य से गुप्त मुलाकात! बोले- अब नकली संतों का होगा अंत, धर्म के नाम पर गुमराह करने वालों का सच आएगा सामने

गोरखपुर में कार्रवाई, दो गैस एजेंसियां सील

गोरखपुर में गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग के आरोप में प्रशासन ने दो गैस एजेंसियों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान एजेंसी मालिक को गिरफ्तार भी किया गया है।

लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

गैस की किल्लत को लेकर लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “नाम नरेंद्र, काम सरेंडर” जैसे नारे लगाए। पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की तो कई कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें घसीटकर गाड़ियों में बैठाया और इको गार्डन भेज दिया। कुछ कार्यकर्ता पुलिस की गाड़ी पर भी चढ़ गए।

कांग्रेस सांसद का केंद्र सरकार पर हमला

इमरान प्रतापगढ़ी ने गैस संकट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर नालों से गैस निकालने की बात की जाती है तो फिर LPG सिलेंडर कहां से भरवाए जाएंगे, और जनता को महंगाई और गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

उद्योगों पर भी असर

कानपुर में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ छापेमारी में 49 सिलेंडर बरामद किए गए। पाइपलाइन से गैस सप्लाई बंद होने के कारण 150 से ज्यादा बड़ी फैक्ट्रियां प्रभावित हैं। उद्योग संगठनों का कहना है कि अगर जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो उद्योगों को अरबों रुपए का नुकसान हो सकता है और करीब 1 लाख लोगों की नौकरी पर खतरा आ सकता है।

यह भी पढ़ें: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर POCSO केस दर्ज! राजनीति गरमाई, अखिलेश यादव बोले– ‘भाजपा हटाओ, सनातन बचाओ’

होटल-रेस्टोरेंट में बढ़ने लगे खाने के दाम

गैस संकट का असर होटल और रेस्टोरेंट पर भी दिखने लगा है। आगरा में 20 रुपये की चाय अब 25 रुपये में मिलने लगी है। गोरखपुर में एक दिन में 500 से ज्यादा शादियां थीं, लेकिन सिलेंडर न मिलने के कारण कई जगह लकड़ी और उपलों पर खाना बनाया गया। एक रेस्टोरेंट ने तो मिट्टी का चूल्हा बनाकर खाना बनाना शुरू कर दिया है।

सरकार का क्या कहना है

हालांकि प्रशासन और गैस कंपनियों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है और गैस की कमी की खबरें अफवाह हो सकती हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि गैस और तेल की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यूपी में LPG कनेक्शन का आंकड़ा

उत्तर प्रदेश में कुल 4.26 करोड़ घरेलू LPG कनेक्शन हैं।

इनमें से 1.87 करोड़ कनेक्शन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत दिए गए हैं।

प्रदेश में हर दिन औसतन 5 से 6 लाख गैस सिलेंडर की खपत होती है।

NIA- उपरोक्‍त खबर के संदर्भ में कोई सुझाव आप editor@newindiaanalysis.com अथवा  व्‍हाटसप नंबर 9450060095  पर दे सकते हैं। हम आपके सुझाव का स्‍वागत करते हैं। अपना मोबाइल नंबर जरूर साझा करें। NIA टीम के साथी आप से संपर्क करेंगे।

Scroll to Top