IPS शादी से लेकर नकली नोट तक, अखिलेश ने खोले कई राज!

लखनऊ, NIA संवाददाता।

अखिलेश यादव ने दादरी में आयोजित ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ के दौरान भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि “अच्छे दिन अभी तक नहीं आए, लेकिन अब बुरे दिन जाने वाले हैं।”

सपा प्रमुख ने दावा किया कि दादरी रैली के बाद भाजपा की भाषा बदल गई है और अब मेट्रो व रिवर फ्रंट जैसी योजनाओं की चर्चा फिर से शुरू हो गई है। इस दौरान उन्होंने संभल के एसपी केके बिश्नोई और आईपीएस अंशिका वर्मा की शादी को लेकर भी टिप्पणी की, जिस पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को इस शादी में शामिल नहीं होना चाहिए था।

यह भी पढ़ें: मट्ठा बना जहर! एक साथ 24 से ज्यादा बच्चे बीमार, गांव में मचा हड़कंप

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में केवल “गांजा पकड़ा जा रहा है” और इस पर भी भविष्य में फिल्म या ओटीटी सीरीज बन सकती है। उन्होंने 2024 के चुनाव में सपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए 2027 में समाजवाद का लक्ष्य पूरा करने का दावा किया।

अधिकारियों और प्रशासन पर सवाल

अखिलेश यादव ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारी भी अब परेशान हैं। उन्होंने फैजाबाद और नंद लाल मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि नियमों के खिलाफ काम करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

नकली नोट और किडनी रैकेट पर घेरा

सपा अध्यक्ष ने देवरिया, गोरखपुर और कुशीनगर में नकली नोट के मामलों को उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष लोगों को फंसाया गया और बाद में उन्हें अदालत से राहत मिली।

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में CM योगी का बड़ा ऐलान, अब हर जरूरतमंद को मिलेगा घर और मुफ्त इलाज

कानपुर के किडनी रैकेट मामले में भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अपने विभाग पर ध्यान देने के बजाय सपा की रैलियों में व्यस्त हैं।

किसानों और जमीन का मुद्दा

किसानों के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें उनकी जमीन का सही मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने अपनी सरकार के समय आगरा एक्सप्रेसवे के लिए दिए गए बेहतर मुआवजे का जिक्र किया और आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जमीनों पर कब्जा कर रही है।

दादरी रैली को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। इस रैली के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

Scroll to Top