UP Weather: अगले 48 घंटे भारी, कोहरा और शीतलहर से बढ़ेगी ठंड

लखनऊ, NIA संवाददाता।

पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में साफ दिखाई देने लगा है। दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से घने कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक जारी है। ठंड से फिलहाल राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसके बाद उत्तर भारत में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।

3 दिन तक घने कोहरे का अलर्ट

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, 25 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। यह स्थिति अगले 3 दिनों तक बनी रह सकती है। इसे देखते हुए IMD ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन 25 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर और सहारनपुर में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: अब कैमरे से होगी एंट्री! NEET-JEE 2026 में फेस रिकग्निशन लागू

इन जिलों में भी कोहरे का असर

इसके अलावा वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी, प्रतापगढ़, उन्नाव, कन्नौज, फर्रुखाबाद, कासगंज, बदायूं, संभल, मेरठ और मुजफ्फरनगर में भी कोहरा छाया रहेगा। यहां 500 से 800 मीटर तक दृश्यता रहने का अनुमान है।

लखनऊ, कानपुर और नोएडा में येलो अलर्ट

राजधानी लखनऊ में गुरुवार को फिर से घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कानपुर और नोएडा में भी कोहरे का असर बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले दो दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, यूपी के लोगों को अभी कुछ दिन और कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ेगी। अनुमान है कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

यह भी पढ़ें: Christmas Quotes in Hindi 2025: ऐसे विशेज जो दिल तक उतर जाएं

IMD के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में इटावा प्रदेश की सबसे सर्द रात वाला जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कानपुर, अयोध्या और सुल्तानपुर में भी न्यूनतम तापमान इसी के आसपास रिकॉर्ड किया गया।

NIA- उपरोक्‍त खबर के संदर्भ में कोई सुझाव आप editor@newindiaanalysis.com अथवा  व्‍हाटसप नंबर 9450060095  पर दे सकते हैं। हम आपके सुझाव का स्‍वागत करते हैं। अपना मोबाइल नंबर जरूर साझा करें। NIA टीम के साथी आप से संपर्क करेंगे।

Scroll to Top