यूपी में लौट आई कड़ाके की ठंड! 3.8 डिग्री तक गिरा पारा, इन जिलों में शीतलहर और पाले का अलर्ट

लखनऊ, NIA संवाददाता।

उत्तर प्रदेश में तीन-चार दिन की राहत के बाद एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरते ही मौसम ने अचानक करवट ली और प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में तापमान तेजी से गिर गया। सोमवार से शुरू हुई ठंड की यह लहर अब लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही है।

पिछले 24 घंटों में कई जिलों के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। सबसे ठंडा शहर बरेली रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 3.9 डिग्री, अलीगढ़ में 4.4 डिग्री, मेरठ में 4.5 डिग्री और आगरा में 4.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।

यह भी पढ़ें: वायरल गर्ल मोनालिसा की पहली फिल्म, सीएम धामी ने लॉन्च किया ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का पोस्टर

शीतलहर और पाले का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी हो गई है। इसके चलते आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और रुहेलखंड मंडल के जिलों में आज और कल रात शीतलहर चलने और पाला पड़ने की संभावना जताई गई है।

हालांकि अगले 48 घंटों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन तराई क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा छा सकता है। वहीं दक्षिणी उत्तर प्रदेश में हल्का से मध्यम कोहरा बने रहने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने पर ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।

इन 15 शहरों में पारा 7 डिग्री से नीचे

प्रदेश के कुल 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। हरदोई, अयोध्या और शाहजहांपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा। वाराणसी एयरपोर्ट क्षेत्र में 5.2, आजमगढ़ में 5.4, बहराइच में 5.6 और रायबरेली फुरसतगंज में 5.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ में न्यूनतम तापमान 6.6, कानपुर एयरफोर्स स्टेशन में 6.8 और फतेहगढ़ में भी 6.8 डिग्री दर्ज किया गया।

दिन में भी ठिठुरन

दिन के तापमान की बात करें तो नजीबाबाद में अधिकतम तापमान केवल 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ। इसके बाद मुजफ्फरनगर में 14.6 डिग्री और बरेली व फतेहगढ़ में 16 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

NIA- उपरोक्‍त खबर के संदर्भ में कोई सुझाव आप editor@newindiaanalysis.com अथवा  व्‍हाटसप नंबर 9450060095  पर दे सकते हैं। हम आपके सुझाव का स्‍वागत करते हैं। अपना मोबाइल नंबर जरूर साझा करें। NIA टीम के साथी आप से संपर्क करेंगे।

Scroll to Top