CBI का बड़ा धमाका! झांसी में CGST अफसरों को 70 लाख की घूस लेते रंगे हाथ दबोचा

झांसी/लखनऊ, NIA संवाददाता।

उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए झांसी स्थित केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग में फैले घूसखोरी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। CBI ने 70 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए दो CGST अधीक्षकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह पूरा खेल CGST की डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी (आईआरएस अधिकारी) के इशारे पर चल रहा था।

यह भी पढ़ें: लुलु मॉल पर बड़ी कार्रवाई! आयकर विभाग ने सीज किए बैंक खाते, 23 करोड़ टैक्स बकाया

CBI लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच ने इस हाई-प्रोफाइल घूसकांड में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में CGST अधीक्षक अनिल तिवारी, अजय कुमार शर्मा, कारोबारी राजू मंगतानी (जय दुर्गा हार्डवेयर के मालिक) और वकील नरेश कुमार गुप्ता शामिल हैं।

70 लाख की घूस लेते पकड़े गए अधिकारी

CBI को शिकायत मिली थी कि झांसी में करोड़ों रुपये की कर चोरी के मामले में एक कारोबारी को राहत देने के बदले डेढ़ करोड़ रुपये की रिश्वत की डील तय की गई है। इसी शिकायत पर CBI ने जाल बिछाया और 70 लाख रुपये की पहली किस्त लेते समय दोनों अधीक्षकों को रंगे हाथ दबोच लिया।

छापेमारी में नकदी, जेवर और चांदी की ईंटें बरामद

घूसकांड के खुलासे के बाद CBI ने झांसी, ग्वालियर और दिल्ली में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 90 लाख रुपये नकद, कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज, भारी मात्रा में जेवरात और 21 किलो से अधिक वजन की चांदी की ईंटें बरामद की गईं। सूत्रों के अनुसार, सबसे अधिक नकदी और कीमती सामान CGST अधिकारियों के आवास से मिला है।

13 करोड़ की टैक्स वसूली रोकने के लिए सौदा

CBI सूत्रों के मुताबिक, जय दुर्गा हार्डवेयर के मालिक पर करीब 13 करोड़ रुपये की टैक्स वसूली का मामला चल रहा था। इसी कार्रवाई से बचाने के लिए अधिकारियों और बिचौलियों के जरिए यह घूसखोरी की डील की जा रही थी।

यह भी पढ़ें: नए साल की शुरुआत ठंड और कोहरे के साथ, यूपी के 59 जिलों में अलर्ट, 1 जनवरी को बारिश के आसार

दिल्ली से गिरफ्तार हुई डिप्टी कमिश्नर

CBI ने इस मामले में डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य चार आरोपियों को झांसी से पकड़ा गया। सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है। गुरुवार को उन्हें लखनऊ स्थित विशेष CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा।

और बड़े खुलासों की संभावना

जांच एजेंसी को शक है कि इस घूसकांड में CGST के कुछ अन्य अधिकारियों की भूमिका भी हो सकती है। CBI पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बड़े खुलासे संभव बताए जा रहे हैं।

NIA- उपरोक्‍त खबर के संदर्भ में कोई सुझाव आप editor@newindiaanalysis.com अथवा  व्‍हाटसप नंबर 9450060095  पर दे सकते हैं। हम आपके सुझाव का स्‍वागत करते हैं। अपना मोबाइल नंबर जरूर साझा करें। NIA टीम के साथी आप से संपर्क करेंगे।

Scroll to Top