लखनऊ, NIA संवाददाता।
चौक चौराहे से कोनेश्वर तक जिस अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से लोग सालों से परेशान हैं, उसे बनाने और बढ़ाने में नगर निगम के ही अफसरों की बड़ी भूमिका रही है। अब यही विभाग और पुलिस मिलकर राहत दिलाने का दावा कर रहे हैं। सोमवार को संयुक्त अभियान की बात हो रही है, लेकिन लोगों में इसे लेकर संदेह भी है कि क्या वास्तव में कार्रवाई होगी या फिर वही पुराना दिखावा?
दो दिन के वीवीआईपी मूवमेंट के कारण अभियान रुका रहा। अब 17 नवंबर की सुबह टीमें मैदान में उतरेंगी। तैयारी के नाम पर सड़क किनारे ठेले हटाने और दुकानों के बढ़े हिस्से को तोड़ने की सूची तैयार की गई है।

फुटपाथ से सड़क तक कब्जा-लोगों को पैदल चलने की भी जगह नहीं
दुकानों के बरामदे सड़क तक बढ़े
सड़क किनारे अवैध पार्किंग की लाइन
नींबू पार्क, कंचन मार्केट रोड, गोल दरवाजा सबसे ज्यादा कब्जे वाले पॉइंट
चौक–कोनेश्वर रोड पर दोपहिया भी मुश्किल से निकलती
जोनल अफसर अमरजीत यादव के मुताबिक पुलिस से पर्याप्त फोर्स मिलने पर ही तारीख फाइनल की गई। अभियान में बाधा न आए इसके लिए स्थानीय पार्षद से भी मदद मांगी गई है। पार्षद ने सड़क को व्यवस्थित कराने का भरोसा दिया है।
पर्यटकों के सामने शहर की छवि धूमिल
चौक लखनऊ का ऐतिहासिक इलाका है। देश–विदेश से आने वाले लोग यहां घूमने जरूर आते हैं। लेकिन अतिक्रमण, जाम और अव्यवस्था ने इस जगह को ‘समस्या जोन’ बना दिया है। प्रशासन को अब यह चिंता सता रही है कि इससे शहर की छवि खराब होती है, इसलिए सख्ती जरूरी है।
गोल दरवाजे पर लगने वाली मक्खन-मलाई की अव्यवस्थित दुकानों को लाइन में लाया जाएगा, ताकि भीड़ कम हो और सड़क खुल सके।
“अवैध पार्किंग पर तुरंत ऐक्शन” – नगर आयुक्त
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने निगम मुख्यालय में ट्रैफिक, वेंडिंग जोन और प्रचार विभाग की समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश दिए—
अवैध पार्किंग तुरंत हटे
बिना अनुमति चल रही पार्किंग पर जुर्माना
अवैध होर्डिंग–पोस्टर हटाए जाएं
राजस्व वसूली बढ़ाई जाए
जरूरत पड़ी तो पार्किंग शुल्क भी संशोधित किया जाएगा
समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और सभी जोनल अधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: Astrology- कुंडली के पहले घर में लिखा है नंबर 5 तो धन, वैभव, प्रतिष्ठा का मिलना तय




